संसद के मानसून सत्र से पहले सर्वदलीय बैठक, कांग्रेस ने पार्लियामेंट्री हेरार्की का पुनर्गठन किया

0
4
Facebook
Twitter
Pinterest
WhatsApp

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। संसद का मानसून सत्र सोमवार से शुरू होने वाला है। इससे पहले, पीएम मोदी ने संसद में सर्वदलीय बैठक की अध्यक्षता की। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल, लोकसभा में कांग्रेस के नेता अधीर रंजन चौधरी, टीएमसी सांसद डेरेक ओ ब्रायन, द्रमुक के तिरुचि शिवा भी इस सर्वदलीय बैठक के लिए संसद पहुंचे। केंद्र सरकार की तरफ से दोपहर 11 बजे सर्वदलीय बैठक बुलाई गई थी।

संसदीय कार्य मंत्री प्रह्लाद जोशी ने कहा, 33 दलों के 40 से अधिक नेताओं ने सर्वदलीय बैठक में भाग लिया और सुझाव दिया कि किन विषयों पर चर्चा की जानी चाहिए। बैठक को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि विपक्ष सहित सभी प्रतिनिधियों के सुझाव बहुत मूल्यवान हैं। प्रह्लाद जोशी ने कहा, सर्वदलीय बैठक में, पीएम मोदी ने कहा कि संसद में स्वस्थ और उपयोगी बहस होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि सरकार संसदीय नियमों और प्रक्रियाओं के अनुसार किसी भी विषय पर चर्चा करने के लिए तैयार है।

उधर, कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी ने पार्टी की पार्लियामेंट्री हेरार्की का पुनर्गठन किया है। दोनों सदनों में पार्टी के बेहतर कामकाज के लिए ऐसा किया गया है। कांग्रेस की अंतरिम प्रमुख ने बताया कि पार्टी नेता अधीर रंजन चौधरी लोकसभा में पार्टी के नेता होंगे और गौरव गोगोई उनके डिप्टी होंगे। के सुरेश चीफ व्हिप होंगे। वहीं रवनीत सिंह बिट्टू और मनिकम टैगोर निचले सदन में पार्टी के व्हिप होंगे। कांग्रेस नेता मनीष तिवारी और डॉ. शशि थरूर भी ग्रुप का हिस्सा होंगे। 

राज्यसभा के लिए मल्लिकार्जुन खड़गे फ्लोर लीडर होंगे, जबकि आनंद शर्मा उनके डिप्टी होंगे। पार्टी ने जयराम रमेश को उच्च सदन में चीफ व्हिप बनाया है। अम्बिका सोनी, पी चिदंबरम, दिग्विजय सिंह और केसी वेणुगोपाल भी इस ग्रुप का हिस्सा है। 

निर्देशों में कहा गया है कि ‘सीपीपी के अध्यक्ष के रूप में, मैंने संसद के दोनों सदनों में हमारी पार्टी के प्रभावी कामकाज को सुविधाजनक बनाने और सुनिश्चित करने के लिए निम्नलिखित समूहों का पुनर्गठन करने का निर्णय लिया है। ये समूह सत्र के दौरान प्रतिदिन मिलेंगे और इंटरसेशन अवधि के दौरान भी मिल सकते हैं।’ उन्होंने कहा, ‘इन समूहों की संयुक्त बैठकें जरूरत पड़ने पर बुलाई जा सकती हैं। राज्य सभा के नेता मल्लिकार्जुन खड़गे संयुक्त बैठकों के संयोजक होंगे।’

बता दें कि मॉनसून का सत्र 19 जुलाई से 13 अगस्त तक चलेगा। इसमें 19 बैठक (कामकाज के दिन) होंगी। कोविड के मद्देनजर मॉनूसन सत्र के लिए उसी हिसाब से तैयारियां की गई हैं। संसद में RT-PCR की सुविधा 24 घंटे रहेगी। ज्यादातर सांसद और स्टाफ ने कोरोना का टीका लगवा लिया है।

Source link

कोई जवाब दें

Please enter your comment!
Please enter your name here