India Coronavirus Update: 24 घंटे में मिले 30 हजार नए केस, 48 हजार ठीक हुए, 2 हजार से ज्यादा मौतें

0
1
Facebook
Twitter
Pinterest
WhatsApp

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। देश में कोरोनावायरस महामारी का संक्रमण कम होता जा रहा है। कोरोना की दूसरी लहर अब धीरे-धीरे कम होने लगी है। एक्टिव केस घटकर 4 लाख तक पहुंच गए हैं। रिकवरी रेट बढ़ रहा है। नए संक्रमित की संख्या भी कम होती जा रही है। देश में पिछले 24 घंटे में 30 हजार 818 नए कोरोना संक्रमित मिले हैं। 48 हजार 916 लोग ठीक भी हुए हैं। लेकिन, मरने वालों की संख्या में आज फिर इजाफा हुआ है। कोरोना से 2 हजार 24 लोगों की मौत हुई है। इससे पहले सोमवार को 720 लोगों की मौत हुई थी। 

देश में कोरोनावायरस महामारी से अब तक 3 करोड़ 9 लाख 4 हजार 734 लोग संक्रमित हो चुके हैं। जिनमें से 3 करोड़ 56 हजार 130 लोगों को रिकवर किया जा चुका है। दुनिया में कोरोना मरीजों को रिकवर करने के मामले में भारत नंबर 1 पर है। भारत के बाद अमेरिका और फिर ब्राजील में रिकवरी की गई है। वहीं, कोरोना संक्रमण से अब तक 4 लाख 10 हजार 816 मरीजों की मौत हो चुकी है। फिलहाल देश की अलग-अलग अस्पतालों में 4 लाख 25 हजार 539 मरीजों का इलाज किया जा रहा है। 

भारत में कोरोनावायरस की स्थिति

  • बीते 24 घंटे में कुल नए केस आए: 30,818
  • बीते 24 घंटे में कुल ठीक हुए: 48,916
  • बीते 24 घंटे में कुल मौतें: 2,024
  • अब तक कुल संक्रमित हो चुके: 3.09 करोड़
  • अब तक ठीक हुए: 3 करोड़
  • अब तक कुल मौतें: 4.10 लाख
  • अभी इलाज करा रहे मरीजों की कुल संख्या: 4.25 लाख

भारतीय चिकित्सा अनुसंधान परिषद (ICMR) के मुताबिक भारत में कल कोरोना वायरस के लिए 17 लाख 40 हजार 325 सैंपल टेस्ट किए गए, कल तक कुल 43 करोड़ 40 लाख 58 हजार 138 सैंपल टेस्ट किए जा चुके हैं।

कोरोना की तीसरी लहर का खतरा 
कोविड-19 की तीसरी लहर के बड़े खतरे के साथ, इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (IMA) ने देश भर में मास गैदरिंग पर चिंता व्यक्त की है। भारत में कोरोना के मामलों में गिरावट देखी जा रही है, लेकिन एक्सपर्ट्स का मानना है कि गार्ड के कम होने से संक्रमण की रफ्तार को फिर से तेज होने का मौका मिलेगा। आईएमए ने केंद्र और राज्य सरकारों से कम से कम तीन महीने के लिए कोविड गाइडलाइन्स को सख्ती से लागू करने का आग्रह किया है। आईएमए ने कहा, तीर्थ यात्रा और पर्यटन सभी की जरूरत है, लेकिन कुछ और महीनों तक इंतजार किया जा सकता है।

सोमवार को एक पत्र में, आईएमए ने केंद्र और राज्य सरकारों से कोविड-19 के खिलाफ अपने गार्ड को कम नहीं करने का आग्रह किया। पत्र पर आईएमए अध्यक्ष डॉ. जेए जयलाल और सेक्रेटरी जनरल डॉ. जयेश लेले ने हस्ताक्षर किए। पत्र में कहा गया है, देश कोविड महामारी की विनाशकारी दूसरी लहर से बाहर निकल रहा है। लेकिन जिस तरह का महामारी का इतिहास रहा है उससे ये साफ है कि तीसरी लहर को टाला नहीं जा सकता है।  ये बेहद करीब है। ये देखकर बहुत दुख हो रहा है कि देश के कई हिस्सों में जनता और सरकार, दोनों ही लापरवाह हैं। सभी बिना कोविड प्रोटोकॉल का पालन किए भीड़ इकट्ठा करने में जुटे हैं।

मध्य प्रदेश में आज से रात 10 तक खुलेंगे बाजार
मध्य प्रदेश में आज से बाजार रात 10 बजे तक खुलेंगे। सिनेमाघर भी 50% क्षमता के साथ शुरू हो जाएंगे। वहीं, रेस्टोरेंट अब फुल कैपेसिटी यानी 100% क्षमता के साथ खुल सकेंगे। सोमवार को कोरोना की समीक्षा बैठक के बाद सरकार ने यह फैसला लिया है। इसी के साथ, शादी में 100 और अंतिम संस्कार में 50 लोगों को शामिल होने की इजाजत दे दी गई है।

8 राज्यों में लॉकडाउन
देश के 8 राज्यों में पूर्ण लॉकडाउन जैसी पाबंदियां हैं। इनमें पश्चिम बंगाल, हिमाचल प्रदेश, झारखंड, ओडिशा, तमिलनाडु, मिजोरम, गोवा और पुडुचेरी शामिल हैं। यहां पिछले लॉकडाउन जैसे ही कड़े प्रतिबंध लगाए गए हैं।

23 राज्यों/केंद्र शासित प्रदेशों में थोड़ी राहत
देश के 23 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में आंशिक लॉकडाउन है। यहां पाबंदियों के साथ छूट भी है। इनमें छत्तीसगढ़, कर्नाटक, केरल, बिहार, दिल्ली, महाराष्ट्र, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, मध्यप्रदेश, हरियाणा, पंजाब, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, उत्तराखंड, अरुणाचल प्रदेश, सिक्किम, मेघालय, नगालैंड, असम, मणिपुर, त्रिपुरा, आंध्र प्रदेश और गुजरात शामिल हैं।

Source link

कोई जवाब दें

Please enter your comment!
Please enter your name here